देहरादून। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति अपनी संवेदनशीलता दोहराते हुए देहरादून पुलिस ने ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन राज्यों—हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश—से दो युवतियों और दो नाबालिग भाई-बहनों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।
प्रेमनगर: मोबाइल के लिए पिता की डांट से नाराज बच्चे पहुंचे राजस्थान
थाना प्रेमनगर क्षेत्र में एक दिलचस्प लेकिन चुनौतीपूर्ण मामला सामने आया। यहाँ 24 फरवरी को एक 16 वर्षीय किशोरी और उसका 14 वर्षीय भाई मोबाइल फोन देखने पर पिता द्वारा डांटे जाने से नाराज होकर घर से निकल गए थे। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पता चला कि बच्चे देहरादून रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर पहले हरिद्वार, फिर मथुरा और अंत में राजस्थान पहुंच गए। पुलिस टीम ने राजस्थान तक उनका पीछा किया और दोनों को सकुशल बरामद कर देहरादून वापस लाया। बच्चों को सही-सलामत देख परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।
सेलाकुई: हरियाणा और मुजफ्फरनगर से बरामद हुईं युवतियां
थाना सेलाकुई पुलिस ने भी दो अलग-अलग मामलों में सफलता प्राप्त की:
- हरियाणा से बरामदगी: 17 फरवरी को घर से बिना बताए गई एक 18 वर्षीय युवती को पुलिस टीम ने अथक प्रयासों और सर्विलांस की मदद से हरियाणा से ढूंढ निकाला।
- यूपी से नाबालिग की घर वापसी: एक अन्य मामले में, सेलाकुई से लापता एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सुरागरसी की मदद से मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने धारा 137(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी देहरादून की टीम को सराहना
इन सफल ऑपरेशनों के लिए एसएसपी देहरादून ने टीमों की पीठ थपथपाई है। परिजनों ने दून पुलिस की कार्यप्रणाली और तत्परता की प्रशंसा करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
सफलता दिलाने वाली पुलिस टीमें: - थाना प्रेमनगर टीम: उ०नि० प्रवीण सैनी, ASI सोभा, हे०कां० मनोज कुमार, म०कां० जसवीर।
- थाना सेलाकुई टीम: थानाध्यक्ष पी०डी० भट्ट, अ०उ०नि० मनोज सिंह, हे०कां० नीरज शुक्ला, म०कां० करिश्मा।

Recent Comments