सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी: डॉ. नरेश बंसल ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया

खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर

देहरादून । भाजपा राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के दूसरे दिन पहुंचकर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने वरिष्ठ एथलीटों, कोचों और खेल प्रबंधन पेशेवरों को भी सम्मानित किया।

डॉ. बंसल ने पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई खेल संस्कृति विकसित हुई है। केंद्र और उत्तराखंड सरकारों की खेल-अनुकूल नीतियों से छोटे शहरों के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा, “सरकार 2036 में गुजरात में ओलंपिक आयोजन के लिए हर प्रयास कर रही है, साथ ही भारत में अन्य विश्व स्तरीय खेल आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।”

सांसद ने भविष्यवाणी की कि सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के परिणाम आने वाले वर्षों में स्पष्ट दिखेंगे, जब देहरादून समेत राज्य और देश के युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेंगे। समापन अवसर पर उन्होंने ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और विशेष रूप से छात्राओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में अंडर-19 और अंडर-14 वर्ग की कई स्पर्धाएं आयोजित हुईं, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया।

प्रमुख परिणाम:

अंडर-14 बालिका खो-खो: फाइनल में विकासनगर ने रायपुर को 5-2 से हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान के लिए मसूरी ने चकराता को 4-2 से पराजित किया।

अंडर-14 बालक खो-खो: प्रथम- रायपुर, द्वितीय- चकराता, तृतीय- सहसपुर।

अंडर-19 बालिका रिले दौड़: प्रथम- सहसपुर (इकरा, सहाना, सलोनी, सानिया), द्वितीय- रायपुर (सताक्षी, मनीषा, रितिका, सृष्टि ठाकुर)।

अंडर-19 बालिका 3000 मीटर दौड़: प्रथम- विकासनगर की नीलम, द्वितीय- राजपुर की वैष्णवी, तृतीय- चकराता की तन्नु।

अंडर-19 बालक 5000 मीटर दौड़: प्रथम- रायपुर के आकाश कुमार, द्वितीय- राजपुर के रोहित, तृतीय- चकराता के जयवीर।

अंडर-14 बालक वॉलीबॉल: प्रथम- सहसपुर, द्वितीय- रायपुर, तृतीय- चकराता।

इस अवसर पर भाजपा नेता प्रमोद चौधरी, रोमा सैनी, सिदार्थ बंसल, युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडे, जिला क्रिड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी सहित अधिकारी, कोच और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments