

‘हर काम देश के नाम’ के संकल्प के साथ वेटेरन्स, छात्र और सैन्यकर्मियों ने बढ़ाया जश्न का मान
देहरादून । 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले देहरादून का शौर्य स्थल आज देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया के तत्वावधान में चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल पर भव्य सैन्य बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसने पूरे माहौल को गौरव और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम में 300 से अधिक वेटेरन, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसी कैडेट, सेवारत सैन्यकर्मी और उनके परिवारजन मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में तिरंगे को सलामी दी और शहीदों को नमन किया।
बीईजी एवं सेंटर के सैन्य बैंड ने ‘वंदे मातरम्’, ‘सारे जहाँ से अच्छा’, ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ सहित कई प्रसिद्ध देशभक्ति और मार्शल धुनें प्रस्तुत कीं। पीतल के वाद्ययंत्रों से निकली हर स्वर लहर पर दर्शकों ने तालियां बजाकर जवानों का हौसला बढ़ाया। अनुशासन, वर्दी की शान और संगीत का तालमेल देखकर शौर्य स्थल का कोना-कोना राष्ट्रप्रेम से भर गया।


कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देना भी रहा। बैंड की हर धुन के साथ शहीदों के नाम का स्मरण किया गया।
उपस्थित लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी में सैन्य गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करते हैं। दूनवासियों के लिए यह प्रस्तुति स्वतंत्रता दिवस समारोह की शानदार शुरुआत बन गई।
हमारे नायकों को सलाम। हमारी स्वतंत्रता का उत्सव।

Recent Comments