पौड़ी।पुलिस लाइन पौड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित जनपद के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
गोष्ठी की शुरुआत में जनपद में गत माह के दौरान घटित विभिन्न अपराधों, गिरफ्तारी की स्थिति, ट्रैफिक व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों, नशा उन्मूलन, बीट पुलिसिंग, तथा जमानत/वॉरंट तामिली सहित सभी की समीक्षा प्रस्तुत की गई।
एसएसपी पंवार ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु फील्ड में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्त एवं चेकिंग को अधिक सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जोनल चेकिंग अधिकारी रात्रि ड्यूटी के दौरान प्रत्येक एक घंटे की लोकेशन अनिवार्य रूप से ग्रुप में साझा करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे निगरानी एवं पर्यवेक्षण की प्रक्रिया और मजबूत हो सके। सभी थाना क्षेत्रों में दैनिक बीट भ्रमण को नियमित रूप से सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील, भीड़-भाड़ वाले एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

नशा तस्करी एवं अवैध मादक पदार्थों पर “Zero Tolerance” की नीति अपनाते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध चरस/गांजा, स्मैक, अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी तेज की जाए। तस्करों के नेटवर्क की निगरानी रखने के साथ ही मुखबिर तंत्र को और मजबूत कर सटीक सूचना एकत्रित की जाए।
लंबित विवेचनाओं, वॉरंट व समन तामील कर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों पर पेट्रोलिंग और निगरानी को सुदृढ़ करने, नाबालिग एवं गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी हेतु हर सम्भव प्रयास करने, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने, और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी पंवार ने कहा कि महिला सम्बंधित अपराधों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर शिकायत पर तत्काल प्रतिक्रिया देनी होगी। स्कूल/कॉलेजों में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, बाजार, बस स्टैंड, विद्यालय मार्गों में पेट्रोलिंग को मजबूत करना होगा। साइबर शिकायतों को प्राथमिकता से दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु लगातार एवं प्रभावी रूप से चेकिंग अभियान चलाये जाएं और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालकों पर कड़ी चालानी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। दुर्घटना संवेदनशील क्षेत्रों में साइन बोर्ड/चेकिंग प्वाइंट बढ़ाए जाएं।

पुलिस-जन सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ग्राम सुरक्षा समिति व मोहल्ला बैठकें सक्रिय रखनी होंगी। प्रत्येक बीट क्षेत्र में ग्राम सुरक्षा बैठक, स्कूलों/बाजार क्षेत्रों में जन संवाद कार्यक्रम और सामाजिक संस्थाओं के बीच जनसंवाद अभियान चलाया जाए।
अक्टूबर माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिस कार्मिकों को एसएसपी पंवार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें उ0नि0 ना0पु0 विजय सैलानी, उ0नि0 ना0पु0 अनिल चौहान, उ0नि0 शशिभूषण, उ0नि0 पंकज कुमार, अपर उपनिरीक्षक संजय पुण्डीर, मुख्य आरक्षी महेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी दिनेश चन्द, मुख्य आरक्षी वीर बहादुर, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, मुख्य आरक्षी राकेश बिष्ट, महिला आरक्षी बबीता, आरक्षी दीपक कुमार, आरक्षी आशीष बिष्ट, आरक्षी मुकेश, आरक्षी सूर्यकांत सैनी, आरक्षी हरीश लाल, आरक्षी महेन्द्र कन्याल, आरक्षी मनोज कुमार, आरक्षी राकेश कुमार, आरक्षी गौरव कुमार, आरक्षी चनद्रपाल, महिला आरक्षी अंकिता, महिला आरक्षी अंजुम आरा, महिला आरक्षी चन्दा, होमगार्ड जातबहादुर, होमगार्ड कमलेश शामिल हैं।

Recent Comments