देहरादून। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व मंत्री खजान दास ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि धामी सरकार विकास, आपदा प्रबंधन और जनहित के मुद्दों पर पूरी सजगता से कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस सदन से भागकर बाहर झूठे आरोपों के सहारे अपनी विफलता छिपाने में लगी है।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें सस्ती लोकप्रियता का हथकंडा बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में चौमुखी विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई सूचकांकों में राज्य शीर्ष पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऐतिहासिक और साहसिक निर्णयों ने राज्य को एक मॉडल स्टेट के रूप में स्थापित किया है।
आपदा प्रबंधन पर बोलते हुए खजान दास ने कहा कि केदारनाथ, धराली, पौड़ी, स्याना चट्टी और थराली जैसी आपदाओं के दौरान सरकार ने जनसहयोग और कुशल नेतृत्व से राहत कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं तीन दिन तक ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी करते रहे, जो देश में किसी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया पहला उदाहरण है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह आपदा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी राजनीति कर रही है। गैरसैण सत्र में कांग्रेस विधायकों ने आपदा पर चर्चा की बजाय अपने मुकदमों को हटाने के लिए हंगामा किया और रात में सदन में ही सो गए। इसके बाद देहरादून लौटकर उल्टे भाजपा पर आरोप लगाने लगे।
पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि नैनीताल में कांग्रेस ने लोकतंत्र का अपहरण करने की कोशिश की, भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट की और जब परिणाम भाजपा के पक्ष में आया तो झूठे आरोपों का सहारा लिया। उन्होंने दावा किया कि पांचों जिला पंचायत सदस्यों ने सच्चाई सामने रख दी है जिससे कांग्रेस की कलई खुल गई है।
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इन दिनों अपने आलाकमान को खुश करने के लिए झूठ बोलने की होड़ में लगे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता अब जागरूक है और कांग्रेस की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो चुकी है।

Recent Comments