

उत्तराखंड के पत्रकारों को होगा केंद्रीय विकास परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अनुभव
देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधिमंडल के लिए पांच दिवसीय हैदराबाद प्रेस टूर का आयोजन किया गया। सोमवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से रवाना हुआ 15 सदस्यीय पत्रकार दल हैदराबाद पहुंचा, जहां वे केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे।
इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य उत्तराखंड के पत्रकारों को वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति, डिजिटल गवर्नेंस और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। प्रतिनिधिमंडल भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र, शिल्पारामम (सांस्कृतिक व हस्तशिल्प गांव), आईसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान, सालार जंग संग्रहालय, ईएसआईसी अस्पताल सहित क्षेत्र के अन्य औद्योगिक व तकनीकी प्रतिष्ठानों का दौरा करेगा।

पीआईबी देहरादून के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद देश का प्रमुख आईटी, फार्मास्यूटिकल और वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र है, जहां की उपलब्धियों से पत्रकारों को जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों और नवाचारों की सटीक जानकारी मिलेगी।
इस यात्रा से पत्रकारों को राष्ट्रीय स्तर पर हो रहे विकास कार्यों का गहन विश्लेषण करने और आम जनता तक प्रामाणिक जानकारी पहुंचाने का अवसर मिलेगा। पीआईबी समय-समय पर ऐसे प्रेस टूर आयोजित करता है ताकि क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण हो सके।

Recent Comments