

चमोली। जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में अचानक पानी और मलबा घुसने से हादसा हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और वहां चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का बारीकी से जायजा लिया।
रेस्क्यू अभियान को और अधिक प्रभावी और तेज बनाने के लिए घटनास्थल पर अत्याधुनिक संसाधन जुटाए गए हैं। सुरंग के भीतर की स्थिति का सटीक आकलन करने के लिए अंडरवाटर कैमरे तैनात किए गए हैं, वहीं डॉग स्क्वाड की मदद से भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही सुरंग से पानी और मलबा हटाने के लिए भारी क्षमता वाली पंप मशीनों को मौके पर लगाया गया है, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

घटना के बाद से ही एसएसपी चमोली समेत जिले का पूरा पुलिस-प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर कैंप किए हुए है और हर पल की स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। आईजी गढ़वाल के मौके पर पहुंचने से रेस्क्यू अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए हरसंभव संसाधन और मानव बल लगाया जा रहा है।

Recent Comments