ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत दून पुलिस की कार्रवाई
देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए संदेहास्पद स्थलों पर छापेमारी की। इस दौरान सपेरा बस्ती, चूना भट्टा व आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यवाही के दौरान नशे की गिरफ्त में आए 25 युवकों को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए थाना लाया गया। उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करते हुए थाने में ही उनकी काउंसलिंग की गई। इस दौरान युवाओं को नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने सभी युवाओं के माता-पिता और परिजनों को भी थाने बुलाकर उनसे बातचीत की। परिजनों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और बच्चों को नशे से दूर रखने में परिवार की भूमिका पर चर्चा की गई।
दून पुलिस की इस प्रक्रिया की परिजनों ने सराहना करते हुए इसे समाजहित में प्रभावी कदम बताया। एसएसपी देहरादून के अनुसार, यह विशेष अभियान युवाओं को नशे की लत से मुक्त कर उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Recent Comments