हुड़दंगियों पर पुलिस का ‘हंटर’: 156 संदिग्धों को दबोचकर पहुंचाया थाना

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर जनपद पुलिस द्वारा हुड़दंगी छात्रों/युवकों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु “ऑपरेशन नाइट वॉच” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि के समय सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।

दिनांक 26 मार्च 2026 की रात्रि को भी जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा सीमावर्ती चौकियों, पोस्टों एवं आंतरिक मार्गों पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विगत दो दिनों में पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 21 चौपहिया एवं 50 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया।

इसके अतिरिक्त वाहनों में हूटर, काले शीशे लगाने एवं रैश ड्राइविंग करने वाले 12 वाहनों को भी सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 98 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 38,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा 21 चालान न्यायालय भेजे गए।

अभियान के दौरान पुलिस द्वारा 2,663 वाहनों की चेकिंग की गई तथा 1,900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया। रात्रि में अनावश्यक रूप से घूम रहे 288 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिनमें से 156 संदिग्धों को थाने लाया गया। साथ ही 99 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए 49,500 रुपये का जुर्माना किया गया।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं द्वारा रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमना, हुड़दंग करना अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त होना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित शिक्षण संस्थानों से निष्कासन की कार्रवाई भी सुनिश्चित कराई जाएगी।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने वाले छात्रों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करें तथा रात्रि में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार स्थान बदल-बदलकर सघन चेकिंग अभियान संचालित करें।

जनपद पुलिस द्वारा “ऑपरेशन नाइट वॉच” के तहत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments