त्योहारी सीजन में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन पैदल गश्त और अभियान
कोटद्वार/पौड़ी। नवरात्रि पर्व के शुरू होते ही और आगामी ईद के मद्देनजर जनपद के मुख्य बाजारों एवं नगर क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। बढ़ती भीड़ के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाजारों में सघन पैदल गश्त का अभियान शुरू कर दिया है।
क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा कोटद्वार एवं कोतवाली पौड़ी क्षेत्र के बाजारों में लगातार गश्त की जा रही है। इस दौरान पुलिस का मुख्य फोकस भीड़ प्रबंधन, यातायात सुचारू रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने पर है। टीम द्वारा नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सड़कों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।
पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क तक न फैलाएं, ताकि आवागमन बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। वाहन चालकों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीम आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक भी कर रही है, जिससे कि त्योहारी सीजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Recent Comments