बद्रीनाथ-हेमकुण्ड यात्रा की तैयारियां तेज, एडीजी ए.पी.अंशुमान ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा


देहरादून/चमोली। आगामी चारधाम यात्रा-2026 को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन)  ए.पी. अंशुमान ने चमोली भ्रमण के दूसरे दिन ज्योतिर्मठ से माणा तक यात्रा व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापार मंडल एवं अन्य हितधारकों के साथ बैठक कर व्यावहारिक समाधान पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों, पंजीकरण चेकिंग प्वाइंट्स एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। श्री बद्रीनाथ धाम में मंदिर परिसर, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली एवं निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

एडीजी ने कोतवाली ज्योतिर्मठ एवं बद्रीनाथ का निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कार्मिकों को उच्च मानकों के अनुरूप कार्य करने, सौम्य व्यवहार बनाए रखने एवं आपदा उपकरणों को सदैव तैयार स्थिति में रखने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं मार्ग पर संभावित अवरोधों के समाधान हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं अन्य हितधारकों के साथ आयोजित बैठकों में ईंधन आपूर्ति, पार्किंग, स्लाइडिंग जोन एवं यातायात दबाव जैसी समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी एवं व्यवहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गोविन्दघाट में गुरुद्वारा प्रबंधन के साथ बैठक कर आगामी श्री हेमकुण्ड साहिब यात्रा की तैयारियों, विशेषकर पैदल मार्ग की सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एडीजी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं आपदा प्रबंधन के सभी पहलुओं पर समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली  सुरजीत सिंह पँवार, बीकेटीसी, बीआरओ, आईटीबीपी के अधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments