हरिद्वार,07मार्च 2025(आरएनएस )प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने गुरुवार को डाम कोठी में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से भेंट कर हरिद्वार कोरिडोर को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए वह स्वयं संवाद कर रहे हैं, ताकि व्यापारियों और नागरिकों में किसी भी प्रकार का संशय न रहे।
कोरिडोर से किन इलाकों पर असर पड़ेगा?
प्रमुख सचिव ने बताया कि अपर रोड और बड़ा बाजार पूरी तरह अछूते रहेंगे, केवल जाह्नवी मार्केट को ही परियोजना के तहत टच किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जाह्नवी मार्केट से प्रभावित किरायेदारों को दो विकल्प दिए जाएंगे—
1. वर्तमान रोडवेज बस स्टैंड पर कॉम्प्लेक्स में मालिकाना हक सहित नई दुकान
2. नकद मुआवजा
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किरायेदारों से मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए संभावनाओं पर विचार किया जाए।

हरकी पैड़ी व सती कुंड सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
प्रमुख सचिव ने श्री गंगा सभा के पदाधिकारियों से हरकी पैड़ी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को लेकर चर्चा की और उनके सुझावों को डीपीआर में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सती कुंड सौंदर्यीकरण के तहत—
शक्ति के प्रतीक श्वेत कमल की स्थापना होगी।
सभी शक्ति पीठों के लघु स्वरूप बनाए जाएंगे।
परंपरागत शैली में स्थलों का सौंदर्यीकरण होगा।
व्यापारियों को दी बड़ी राहत
प्रमुख सचिव ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए स्पष्ट किया कि—
किसी भी दुकान या संपत्ति को जबरन नहीं हटाया जाएगा।
यदि किसी दुकान को हटाने की जरूरत पड़ी, तो पहले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकान आवंटित की जाएगी, फिर आगे कार्य होगा।
किरायेदारों को मालिकाना हक वाली दुकानें मिलेंगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि गलत सूचनाओं से समाज में भ्रम फैलता है, इसलिए सही जानकारी प्राप्त करना आवश्यक है।

तीसरे रोडवेज बस अड्डे की शिफ्टिंग और नए विकास कार्य
प्रमुख सचिव ने बताया कि—
तीसरे रोडवेज बस अड्डे को चंडी देवी मंदिर के सामने आईएसबीटी व लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र को भी विकसित करने की योजना है।
इन प्रमुख हस्तियों की रही उपस्थिति
बैठक में अखाड़ा परिषद के प्रतिनिधि महंत ललितानंद गिरी जी महाराज, श्री गंगा सभा महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, नगर आयुक्त वरुण चौधरी, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुशम चौहान, उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह और अन्य संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments