देहरादून(आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि धामी कैबिनेट ने जनता के मुद्दों को गौण कर विधायकों और पूर्व विधायकों को रेवड़ी बांटने का काम किया है। आम जनता से मुद्दों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। मीडिया को जारी बयान में डॉ.प्रतिमा ने कहा कि एक तरफ राज्य सरकार कर्ज लेकर काम चला रही है, वहीं विधायकों एवं पूर्व विधायकों के वेतन भत्तों में लगातार वृद्धि कर रही है। जबकि सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन व पेंशन देने के लिए धन नहीं है। सरकार को वेतन भत्तों के भुगतान के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। धामी सरकार की इस नीति से राज्य के आम आदमी पर कर्ज का बोझ लगातार बढता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अच्छा होता यदि सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लेती। राज्य में सशक्त भू-कानून लागू करने की बजाय कैबिनेट में खुरपिया फार्म की भूमि को आवासीय घोषित कर भू माफिया को सौंपने की तैयारी कर ली है। सशक्त भू कानून भाजपा का केवल चुनावी जुमला साबित होकर रह गया। कैबिनेट में इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई।

Recent Comments