धनारी (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तरकाशी जिले में चल रहे “जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार” अभियान के तहत न्याय पंचायत पिपली में शनिवार को विशाल जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। विकासखंड डुंडा की न्याय पंचायत पिपली के राजकीय इंटर कॉलेज थाती धनारी में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान ने की, जबकि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में 1570 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न समस्याओं को रखा।
शिविर में कुल 83 लिखित शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 63 का विधायक व जिलाधिकारी की मौजूदगी में तत्काल निस्तारण कर दिया गया। शेष जटिल मामलों पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार ने भी जनसमस्याओं को सुना तथा विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने माजफ से डांडा तक मार्ग निर्माण की लंबित मांग रखी, जिस पर लोनिवि ने बताया कि वन स्वीकृति लंबित है और प्रस्ताव पर्यावरण मंत्रालय को भेजा गया है। विधायक ने 20 जनवरी के बाद मंत्रालय में वार्ता कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। किशोर भूषण सेमवाल ने पुजारगांव में एएनएम सेंटर के नए भवन व पद सृजन की मांग की, जिस पर विधायक ने प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। रा.इ.का. पुजारगांव से कंवा तोक मार्ग पर लोनिवि ने शासन को प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी, स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होगा। गोविंद सिंह पोखरियाल ने भालसी मोटर मार्ग पर बाउंड्री वॉल प्रतिकर की मांग की, जिस पर 15 दिनों में प्रस्ताव तैयार करने के आदेश दिए गए। पिपली प्रधान वंदना राणा ने मजकोट में ट्रांसफार्मर की अर्थिंग न होने की शिकायत की, विद्युत विभाग को 10 दिनों में कार्य पूरा करने के निर्देश हुए। माजफ में विद्युत की खुली लाइनों व हिंटाणु में शेष 200 मीटर इंटरलॉकिंग टाइल्स पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए, अगले जिला योजना में पूर्णता सुनिश्चित होगी।
कोटी निवासी प्रेम सिंह बिष्ट ने बैंक खाते से 12 लाख रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकालने की शिकायत की। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने लीड बैंक मैनेजर को एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी दिनेश जोशी ने शिविर में जी राम जी योजना का पोस्टर लॉन्च किया।

विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाकर सेवाएं प्रदान कीं। राजस्व विभाग ने 30 प्रमाण पत्र वितरित किए। ग्राम्य विकास विभाग ने 25 बीपीएल कार्ड, 05 SECC कार्ड तथा 120 RBI कार्ड जारी किए। पंचायती राज विभाग ने 34 प्रमाण पत्र प्रदान किए। उद्यान विभाग ने 13 उद्यान कार्ड दिए, जबकि समाज कल्याण विभाग ने 09 पेंशन आवेदन स्वीकृत किए। महिला एवं बाल कल्याण विभाग ने 03 महालक्ष्मी किट वितरित कीं तथा 05 लोगों को योजना की जानकारी देकर लाभान्वित किया। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 30 लोगों का केवाईसी किया, सहकारिता विभाग ने 30 को लाभ पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग ने 180 लोगों का परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां बांटीं, आयुष विभाग ने 82 का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मत्स्य, डेयरी एवं पशुपालन विभाग ने 11 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के इस अभियान से ग्रामीण समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण हो रहा है। सभी विभाग योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं, जिससे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है।
शिविर में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, मंडल अध्यक्ष प्रेमदत्त भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गंगाड़ी, अन्य जनप्रतिनिधि, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, न्याय पंचायत नोडल अधिकारी रत्नाकर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Recent Comments