जनता को मिले पारदर्शी सुरक्षा और सेवा: धामी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक कर राज्य की कानून-व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, सेवा पखवाड़ा और जनहित से जुड़े अन्य विषयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और राज्य की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। पुलिस की रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।

उन्होंने मानसून के बाद सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बरसात के बाद सड़कों के सुधारीकरण हेतु निविदा प्रक्रिया को तत्काल पूर्ण करने का आदेश दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी जनपदों में सेवा, जनजागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध रूप से लागू की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं सड़क मार्ग से जनपदों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे।

रेत मिश्रित नमक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल नमूना लेकर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रमुख सचिव, मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments