

देहरादून / रामनगर। उत्तराखंड की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। रेल मंत्रालय ने माननीय सांसद श्री अनिल बलूनी के विशेष प्रयासों को ध्यान में रखते हुए रामनगर और देहरादून के बीच पहली द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी प्रदान की है।
15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस बुधवार और शुक्रवार को सुबह 05:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुँचेगी। उसी दिन यह ट्रेन 15:55 बजे देहरादून से प्रस्थान कर रात 23:30 बजे रामनगर लौटेगी। मार्ग में यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी।
इस ट्रेन के संचालन से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के छात्रों, किसानों, व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। राजधानी देहरादून और तीर्थनगरी हरिद्वार जाकर उसी दिन कार्य कर वापस लौटने की सुविधा अब संभव होगी।
पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से भी यह ट्रेन महत्वपूर्ण है। जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले वन्यजीव प्रेमियों, गिरजा देवी मंदिर और सीतामढ़ी/सीतावनी जैसे पौराणिक स्थलों के दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। साथ ही हरिद्वार और देहरादून से बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों तक पहुँचने में सहूलियत होगी।
इस गाड़ी में वातानुकूलित द्वितीय, वातानुकूलित तृतीय, एसी चेयर कार, शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार तथा सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
यह एक्सप्रेस ट्रेन उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को जोड़ने वाली ऐतिहासिक पहल है, जो न केवल जनसुविधा बल्कि पर्यटन और आर्थिक विकास के नए अवसर भी खोलेगी।

Recent Comments