मुख्यमंत्री की मॉनिटरिंग में तेज हुए राहत कार्य, मालदेवता-कलिंगा नहर बहाल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की निगरानी में देहरादून के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं। मालदेवता, सौड़ा सरौली और आसपास के इलाकों में क्षतिग्रस्त सड़कों, सुरक्षा दीवारों और नहरों को दुरुस्त कर आवागमन को सुरक्षित बनाया जा रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार गत मंगलवार को हुई भारी बारिश से रायपुर विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कें और सुरक्षा संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई थीं। स्थलीय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए थे। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से अधिकांश जरूरी काम समय पर पूरे कर लिए गए हैं।

लगातार बारिश से सोंग नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मालदेवता स्थित कलिंगा नहर क्षतिग्रस्त हो गई थी। सिंचाई विभाग ने युद्धस्तर पर मरम्मत कर नहर को फिर से शुरू कर दिया है। इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने लगा है और उन्हें बड़ी राहत मिली है।

साथ ही पोकलैंड और जेसीबी मशीनों से नदी के चैनलाइजेशन का काम भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि नदी के बहाव को नियंत्रित कर आगे होने वाले नुकसान को रोका जा सके।

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने बताया कि सौड़ा सरौली में सुरक्षा दीवारों के निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। पीएमजीएसवाई के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों और दीवारों का पुनर्निर्माण कराया गया है, जबकि मालदेवता क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त स्थानों को दुरुस्त कर दिया है।

संवेदनशील जगहों पर लगाए गए सुरक्षा जालों और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मानसून के दौरान किसी अप्रिय घटना की संभावना न रहे और लोगों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों को मानसून अवधि में संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से भी राहत, बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों की रोजाना मॉनिटरिंग की जा रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments