गणतंत्र दिवस 2026: DGP दीपम सेठ ने फहराया तिरंगा; टनकपुर को बेस्ट फायर स्टेशन ट्रॉफी

देहरादून। गणतंत्र दिवस-2026 के पावन अवसर पर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड देहरादून में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर सभी को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिसमें फायर स्टेशन टनकपुर, जनपद चंपावत को *बेस्ट फायर स्टेशन* की ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही, गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस कर्मियों को *“डीजीपी डिस्क गोल्ड”* एवं *“डीजीपी डिस्क सिल्वर”* से नवाजा गया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज हम अपने महान संविधान के प्रति श्रद्धा और निष्ठा व्यक्त करते हुए देश का 77वाँ गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। उन्होंने सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि यह वर्ष उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती का भी साक्षी है। इन 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा में उत्तराखंड पुलिस ने सदैव संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के मूल्यों से प्रेरणा लेकर कानून के प्रभावी पालन और मानवाधिकारों के संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखा है।

समारोह में गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर माननीय राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त *विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक*, राज्यपाल *उत्कृष्ट सेवा पदक* तथा पुलिस महानिदेशक *प्रशस्ति डिस्क* से अलंकृत सभी पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि राज्य में पुलिसिंग के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया है—चाहे वह आपदा राहत एवं बचाव कार्य में अदम्य साहस हो, कानून-व्यवस्था एवं विवेचना में श्रेष्ठ प्रदर्शन, साइबर अपराध व मादक पदार्थों जैसी चुनौतियों से निपटना हो या खेल के क्षेत्र में राज्य का मान बढ़ाने वाले हमारे पुलिस खिलाड़ी हों।

पुलिस महानिदेशक ने प्रसन्नता जताई कि इस वर्ष विभाग में *“चतुर्थ श्रेणी कर्मियों”* को सम्मानित करने की परंपरा का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि ये कर्मयोगी पर्दे के पीछे रहकर निष्ठापूर्वक विभाग की कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाए रखते हैं और उनका सम्मान श्रम तथा सेवा का सच्चा सम्मान है।

समारोह की एक विशेषता युवा अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रशिक्षणाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक को संचालक एवं प्रशिक्षणाधीन पुलिस उपाधीक्षक को परेड कमांडर का दायित्व सौंपा गया। पुलिस महानिदेशक ने आशा व्यक्त की कि यह अवसर उनके आत्मविश्वास को सुदृढ़ करेगा और भविष्य के नेतृत्व के लिए सहायक होगा।

दीपम सेठ ने बताया कि इस वर्ष विभाग में विभिन्न रैंकों और संवर्गों में कुल 1106 अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति का लाभ दिया गया है। सभी पदोन्नत कार्मिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। रजत जयंती के इस अवसर पर उन्होंने अपने सभी भूतपूर्व पुलिस अधिकारियों और सेवानिवृत्त साथियों का विशेष अभिनंदन किया, जिनकी नींव पर आज यह संस्था दृढ़ता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि आपके अनुभव, त्याग और समर्पण से ही यह परंपरा बनी है कि वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और उत्तरदायित्व का प्रतीक बने।

अंत में, पुलिस महानिदेशक ने पूर्ण विश्वास जताया कि सभी भविष्य में भी अनुशासन, उच्चतम व्यावसायिक दक्षता और जनसेवा की भावना के साथ राज्य की सुरक्षा एवं संविधान की गरिमा के लिए अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेंगे।

इस अवसर पर अभिनव कुमार, महानिदेशक, अभिसूचना एवं सुरक्षा, वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखंड, ए.पी. अंशुमान, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन सहित समस्त पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं पुलिस मुख्यालय के समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments