स्मृतिद्वार और गौरव सेनानी मार्ग के लंबित मामलों को 10 दिन में करें निस्तारित – जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया

शहीद परिवारों के घर जाकर जुटाए जाएं दस्तावेज, पौड़ी प्रशासन ने तेज की सम्मान प्रक्रियाएं

पौड़ी।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा है कि शहीदों के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुधवार को एनआईसी कक्ष में जनपद के अंतर्गत शहीदों के नाम पर स्मृतिद्वार एवं गौरव सेनानी मार्गों के नामकरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को 10 दिन के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के स्मृतिद्वार और मार्ग नामकरण के लंबित प्रस्ताव नियमानुसार तैयार कर शीघ्र जिला कार्यालय को भेजें। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पौड़ी, लैंसडाउन और सभी एसडीएम को प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) तुरंत जारी करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिस विभाग की सड़क है, उसी की भूमि पर स्मृतिद्वार बनाया जाए, ताकि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में समय न लगे। जिन मामलों में एनओसी मिल चुकी है उन्हें प्राथमिकता पर निपटाकर सैनिक कल्याण विभाग को भेजा जाए।

जिलाधिकारी ने सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शहीदों के अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं, उनके परिजनों के घर जाकर सम्मानपूर्वक दस्तावेज एकत्र किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य में देरी न हो। शहीदों की स्मृति में प्रस्तावित अन्य निर्माण कार्यों के लिए भी शीघ्र भूमि प्रस्ताव देने के निर्देश दिए।

डीएम ने सैनिक कल्याण, लोक निर्माण विभाग और सभी एसडीएम को नियमित समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा। साथ ही अपर जिलाधिकारी को 10 दिन बाद पुनः समीक्षा बैठक कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एल.पी. भट्ट, लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी, अपर सैनिक कल्याण अधिकारी सत्यपाल सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments