हरिद्वार । देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की याद में कोतवाली हरिद्वार के सामने स्थित भल्ला पार्क में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक मदन कौशिक और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। उन्होंने अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शहीद जगदीश वत्स को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण ही हमें आज़ादी मिली है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शहीदों के परिवारों की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने इन परिवारों के लिए ‘सिंगल विंडो’ सुविधा स्थापित करने की दिशा में काम करने की बात भी कही।

विधायक मदन कौशिक ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि जिन वीरों ने अपने परिवारों की परवाह किए बिना देश को आजाद कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
मेयर किरण जैसल ने भी शहीद जगदीश वत्स को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीदों ने अपने बलिदान से भारत माता को आज़ादी दिलाई है। उन्होंने कहा कि वह स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों के हर कार्य के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।

इस कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, मेयर किरण जैसल और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में भारत भूषण, मुरली मनोहर, गोपाल नारसन, अनिल गिरी, सुरेंद्र सैनी, मुकेश त्यागी, सुनील जोशी, बाल किशन कोरी, विकास कंबोज, नवीन, श्याम सुंदर सचदेवा, राजन कौशिक, अनिल शर्मा, राजेश शर्मा, अर्जुन सिंह, रविंद्र शर्मा, सचिंद्र गिरी, प्रतिभा रोहिल्ला, विजयलक्ष्मी, सुनीता त्यागी, रीता गुलाटी, देशबंधु, ऋषि त्यागी, अरुण कंबोज, आशु सिंह, विशाल अग्रवाल, समर्थ अग्रवाल, पार्षद हिमांशु गुप्ता, पूर्व पार्षद अमन गर्ग, पार्षद शोहित शेट्टी, पार्षद दीपक और पार्षद सचिन शामिल थे।


कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर एसपी सिटी पंकज गैरोला, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर तालियान सहित कई अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद थे।

Recent Comments