उत्साहपूर्ण प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय परिसर में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित जन जागरूकता अभियान का आज दूसरा दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
आज के आयोजन में महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने जोरदार प्रतिस्पर्धा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यूपीईएस विश्वविद्यालय ने प्राप्त किया, जबकि देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय को द्वितीय स्थान और दून विश्वविद्यालय को तृतीय स्थान मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने गायन और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लिया। गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान समीक्षा श्रीवास्तव ने प्राप्त किया, वहीं द्वितीय स्थान श्रेयांशी नेगी और तृतीय स्थान वंशिका भारद्वाज का नाम रहा। भाषण प्रतियोगिता में सिद्धि ने प्रथम, कली ने द्वितीय और तन्वी श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विकसित भारत की परिकल्पना, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल प्रगति और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए, जिससे सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा।


कार्यक्रम स्थल पर लगे प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉलों पर छात्र-छात्राओं और उपस्थित जनों की भीड़ देखने को मिली। “रूरल इंडियन क्राफ्ट” नामक स्टॉल विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बना, जहां हाथ से बनी जैकेट, टोपी और अन्य पारंपरिक वस्त्र प्रदर्शित किए गए।
जन जागरूकता अभियान के सफल संचालन में नोडल अधिकारी एन एस नयाल, कार्यक्रम अधिकारी गोपेश बिष्ट, आनंद सिंह और विभाग के अन्य सदस्यों – पीयूष, राहुल, हेमंत कुमार, और दीवान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ, जिसने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।
जन जागरूकता अभियान के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में जागरूकता के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश भी दिया। इस प्रकार, इस आयोजन ने न केवल सूचना और शिक्षा का माध्यम उपलब्ध कराया, बल्कि युवा पीढ़ी को समर्पित और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Recent Comments