देहरादून। देहरादून शहर में सड़क कटिंग के बाद रेस्टोरेशन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पाण्डेय ने शुक्रवार सुबह 6 बजे से जिलाधिकारी सविन बंसल एवं जिला प्रशासन की टीम के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
सचिव पंकज पाण्डेय ने दिलाराम चौक, हाथी बड़कला, साई मंदिर, नागल रोड, कैनाल रोड, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर चौक, किशननगर चौक, यमुना कॉलोनी, बिंदाल पुल सहित शहर के अनेक इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि अधिकांश स्थानों पर सड़क रेस्टोरेशन कार्य संतोषजनक है, लेकिन कुछ स्थानों पर कार्य अधूरा है और सड़क पर मलबा पड़ा हुआ है, जिससे यातायात बाधित होने की आशंका है।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्माण कार्यों के कारण जनता को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय तय शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद सड़कों का गुणवत्तापूर्ण पुनर्स्थापन किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी द्वारा निर्धारित समयसीमा और शर्तों का उल्लंघन किया गया तो संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन की क्यूआरटी को निर्देश दिए गए कि ऐसे कार्यों की लगातार निगरानी रखी जाए और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि विकास कार्यों के लिए रोड कटिंग की अनुमति आवश्यक होती है, लेकिन इसके लिए बजट, समयसीमा और मानक निर्धारित किए गए हैं। इन मानकों के पालन के लिए रोड कटिंग समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है कि किसी भी एजेंसी को एक समय में केवल 2 से 3 स्थानों पर ही रोड कटिंग की अनुमति दी जाएगी। साथ ही 15 से 21 दिन के भीतर कार्य पूरा करना अनिवार्य होगा, तभी नए कार्य की अनुमति दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सभी एजेंसियों से शपथ पत्र लिया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि शर्तों का उल्लंघन होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मुकेश परमार, अधिशासी अभियंता ओपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments