देहरादून, 4 मार्च, 2025(आरएनएस) 6 मार्च, 2025 को देहरादून में प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर, उच्चाधिकारियों ने आज पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। इस ब्रीफिंग में, कार्यक्रम के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई और सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क और सजग रहने के निर्देश दिए गए।
श्रीमती प्रीति प्रियदर्शनी (कमांडेंट 31वीं वाहिनी पीएसी) और श्री अजय सिंह (एसएसपी देहरादून) ने पुलिस बल को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर निर्धारित समय से 3 घंटे पहले पहुंचें और अपने प्रभारी अधिकारी से अपनी ड्यूटी के बारे में जानकारी प्राप्त करें। उन्हें यह भी निर्देश दिया गया कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें और बिना बताए अपनी ड्यूटी की जगह न छोड़ें।

सभी प्रभारी पुलिस अधिकारियों को अपने साथ सादे और वर्दी में तैनात पुलिस बल की पहचान करने और उनके ड्यूटी कार्ड की जांच करने के लिए भी कहा गया। उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी की जगह छोड़कर किसी एक स्थान पर इकट्ठा न हों।
सुरक्षा की दृष्टि से, जॉलीग्रांट और उसके आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए जांच सुनिश्चित की जाएगी। आसपास की ऊंची इमारतों, पानी की टंकियों आदि की भी बीडीएस और डॉग स्क्वॉड टीम द्वारा गहन जांच की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में धर्मशालाओं, होटलों, बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों आदि स्थानों पर जांच अभियान चलाने और बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं।
ब्रीफिंग में श्रीमती प्रीति प्रियदर्शनी, श्री अजय सिंह, श्रीमती ममता बोहरा (पुलिस अधीक्षक मुख्यालय) और अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Recent Comments