देहरादून। उत्तराखंड में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता को केंद्र में रखते हुए वृहद स्तर पर जनहितकारी कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इस सेवा पर्व की तैयारी को लेकर शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार में स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनपद देहरादून के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और सेवा पखवाड़ा को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में तय किया गया कि सेवा पखवाड़ा के दौरान रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ जैसे भावनात्मक अभियानों के साथ-साथ प्रदर्शनी और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को पटेल नगर मेडिकल कॉलेज परिसर में राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, सांसद एवं विधायकगण भी प्रतिभाग करेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि जनपद देहरादून में कम से कम एक लाख लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। नगर निगम क्षेत्रों और ब्लॉक स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएं, जबकि ग्राम पंचायतों में 314 पीएचसी और सीएचसी के माध्यम से व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि रायपुर ब्लॉक मुख्यालय में 17 सितंबर को वृहद बहुउद्देशीय शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा मसूरी, ऋषिकेश, डोईवाला, विकासनगर, सहसपुर, सहिया, चकराता और नगर निगम देहरादून में भी शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में सामान्य ओपीडी, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा, टीबी स्क्रीनिंग, टीकाकरण, पैथोलॉजी जांच, परिवार नियोजन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, निःशुल्क औषधि वितरण, विशेषज्ञ ओपीडी, रक्तदान और ई-रक्तकोष पंजीकरण जैसी सेवाएं दी जाएंगी।

बैठक में मिशन निदेशक मनुज गोयल, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम हरिगिरी, एसडीएम कुमकुम जोशी, और शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने सभी विभागों को अंतर्विभागीय समन्वय के साथ सेवा पखवाड़ा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Recent Comments