

देहरादून। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) का सातवां स्थापना दिवस गुरुवार को देहरादून स्थित मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर केक काटा गया और संघ की सात वर्षों की उपलब्धियों तथा प्रदेश में क्रिकेट की बदलती तस्वीर पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों, खेल विशेषज्ञों, प्रशिक्षकों और युवा खिलाड़ियों ने उत्तराखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर सीएयू अध्यक्ष दीपक मेहरा, सचिव किरन रौतेला वर्मा, संरक्षक पीसी वर्मा, उपाध्यक्ष अजय पांडे और सीईओ मोहित डोभाल सहित तमाम पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं।
पिछले सात वर्षों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। शाश्वत डंगवाल, आदित्य रावत और आदित्य राणा को भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली, जबकि राघवी बिष्ट और नंदनी कश्यप ने भारतीय महिला टीम में चयनित होकर प्रदेश का नाम रोशन किया। आईपीएल में आकाश मधवाल, स्वप्निल सिंह, राजन कुमार और युवराज चौधरी ने प्रतिभा दिखाई, वहीं महिला प्रीमियर लीग में प्रेमा रावत, राघवी बिष्ट और नंदनी कश्यप के चयन ने प्रदेश में महिला क्रिकेट के बढ़ते स्तर को साबित किया।
घरेलू क्रिकेट में भी उत्तराखंड का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। सीनियर पुरुष टीम रणजी ट्रॉफी में दो बार क्वार्टर फाइनल तक पहुंची, जबकि अंडर-23 पुरुष टीम ने 2023-24 सत्र में ऑल इंडिया रनर-अप का खिताब जीता। सीनियर महिला टीम भी दो बार ऑल इंडिया रनर-अप रही और अंडर-19 महिला टीम ने 2021-22 तथा 2022-23 में लगातार दो बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने का इतिहास रचा। संघ अब तक रणजी ट्रॉफी के 50 से अधिक मुकाबलों समेत सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, कूच बिहार ट्रॉफी, विनू मांकड़ ट्रॉफी, राज सिंह डूंगरपुर ट्रॉफी और सीनियर महिला चैलेंजर ट्रॉफी सहित 700 से अधिक बीसीसीआई मुकाबलों की सफल मेजबानी कर चुका है।
सत्र 2024-25 में लक्ष्य राय चंदानी को ऑल इंडिया जूनियर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के लिए बीसीसीआई के प्रतिष्ठित नमन अवॉर्ड से नवाजा गया, जो उन्हें सचिन तेंदुलकर, जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में मिला। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) और महिला क्रिकेट आयोजनों ने प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच दिया है। इसके साथ ही अंपायरिंग, वीडियो एनालिसिस, कोचिंग, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग और फिजियोथेरेपी से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा इंटर-डिस्ट्रिक्ट लीग भी नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।
अध्यक्ष दीपक मेहरा ने कहा कि सात साल की यह यात्रा खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संघ से जुड़े हर व्यक्ति की मेहनत का परिणाम है और दूर-दराज क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आईपीएल, डब्ल्यूपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचाना गर्व की बात है। आने वाले समय में हर जिले में आधुनिक क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना लक्ष्य है। सचिव किरन रौतेला वर्मा ने कहा कि अंडर-19 महिला टीम की लगातार दो राष्ट्रीय खिताबी सफलताएं ग्रासरूट क्रिकेट विकास की सफलता दर्शाती हैं और आने वाले वर्षों में और अधिक खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना लक्ष्य है। कार्यक्रम के अंत में मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी गई। इस मौके पर काउंसलर मनोज नौटियाल, कोषाध्यक्ष मानस मेंगवाल, संतोष गैरोला सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी मौजूद रहे।

Recent Comments