देहरादून, 11 अप्रैल2025: उत्तराखंड की होनहार बेटी शिखा चंद ने एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है। देहरादून के नकरौंदा क्षेत्र की निवासी शिखा चंद का चयन एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय बॉक्सिंग टीम की कोच के रूप में हुआ है। वह अब ओमान में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कोच की भूमिका निभाएंगी। इस उपलब्धि से न केवल उनके गांव में बल्कि पूरे जिले में खुशी और गर्व की लहर है।
शिखा चंद पिछले चार वर्षों से देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में बॉक्सिंग कोच के रूप में कार्यरत हैं। इस दौरान उन्होंने अनेक युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया है, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य धनवीर सिंह राणा ने इस गौरवपूर्ण अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिखा चंद ने अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि शिखा का चयन पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है और इससे क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

शिखा लंबे समय से बॉक्सिंग क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने अनेक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनके कोच बनने की खबर से नकरौंदा सहित आस-पास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाइयाँ दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शिखा की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड की बेटियाँ अब खेल जगत में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। आने वाले समय में ऐसे और भी नाम सामने आएँगे जो प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।

Recent Comments