उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को मिली ‘तेज़’ ताकत, मुख्यमंत्री धामी ने डालनवाला थाने में लॉन्च किए 13 लॉन्ग रेंज सायरन
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य की आपदा प्रबंधन प्रणाली को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए थाना डालनवाला में 13 अत्याधुनिक लॉन्ग रेंज सायरन स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को इन सायरनों का विधिवत लोकार्पण किया।
एक आपदा संभावित राज्य होने के नाते उत्तराखंड के लिए यह प्रणाली अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन सायरनों की खास बात यह है कि इनकी रेंज 8 से 16 किलोमीटर तक है, जो प्राकृतिक आपदाओं की पूर्व चेतावनी देने के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा में भी महत्तवपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा, “समय रहते सतर्कता और सूचना का प्रसार जान-माल की क्षति को कम करने में अहम भूमिका निभाता है। ये सायरन न केवल आपदा की चेतावनी देंगे, बल्कि जनता को जागरूक करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी सहायक होंगे।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और लोगों को इसके बारे में पूरी जानकारी दी जाए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने थाने में स्थापित ‘बाल थाना’ का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों और उत्तराखंड पुलिस एसोसिएशन द्वारा मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक भी सौंपे गए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, पुलिस महानिदेशक, आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी देहरादून सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Recent Comments