

उत्तरकाशी। कांवड़ यात्रा पीक पर पहुंचते ही गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी है। देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेने पहुंच रहे हैं और कांवड़ लेकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो रहे हैं। अब तक 60 हजार से अधिक कांवड़िए गंगोत्री धाम से प्रस्थान कर चुके हैं। पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कांवड़ यात्रियों की संख्या में करीब 30-35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने स्वयं मोर्चा संभाला है। 8 अगस्त 2026 की रात उन्होंने कांवड़ रूट का स्थलीय निरीक्षण कर गंगोत्री धाम में कैंप किया और ग्राउंड जीरो से व्यवस्थाओं की निगरानी की।
एस पी कमलेश उपाध्याय ने गंगोत्री पहुंचे कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निर्धारित यातायात, पार्किंग और बैरियर व्यवस्था का पालन करें। नदी घाटों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें तथा भीड़ के दौरान धैर्य, अनुशासन और संयम बनाए रखते हुए पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

एसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि यात्रा पीक पर है, इसलिए सभी मुस्तैदी और समन्वय के साथ अपने प्वाइंट पर तैनात रहें। पापड़गाड और भटवाड़ी के भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
श्री गंगोत्री धाम में भीड़ को कतारबद्ध तरीके से संचालित करने, यातायात नियमन-डायवर्जन और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए ड्रोन और CCTV से लगातार निगरानी तथा आपातकालीन सहायता व त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम को सक्रिय रखा गया है।
पार्किंग स्थलों, बैरियर प्वाइंट्स, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है ताकि कांवड़ यात्रियों के साथ स्थानीय नागरिकों और अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो।


बीते दिन सांयकालीन आरती के दौरान श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने श्री गंगोत्री धाम में गंगा जी की पूजा-अर्चना कर कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की कुशल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप सिंह तोमर, प्रभारी निरीक्षक मनेरी दीपक नौटियाल, निरीक्षक यातायात सुनील कुमार, चौकी प्रभारी गंगोत्री प्रमोद उनियाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments