देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को तिब्बती मार्केट स्थित ओल्ड मल्टीपरपज हॉल, देहरादून में आयोजित सांसद खेल महोत्सव-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विजेता टीमों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि यह दिन राष्ट्र निर्माण, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को समर्पित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने जीवन से यह सिखाया कि राजनीति सत्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम है। आज खेलों के माध्यम से आत्मविश्वासी और सशक्त भारत का निर्माण हो रहा है, जो अटल जी के विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ सांसद खेल महोत्सव अब सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि गाँव-गाँव से खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त मंच बन गया है। यह “फिट इंडिया, स्पोर्ट्स इंडिया, स्ट्रॉन्ग इंडिया” के मंत्र को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके जरिए स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को नई पहचान मिली है व युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में अग्रसर होने का अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक हासिल कर राज्य के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि ‘खेलभूमि’ के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। राज्य में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित हो रही है और “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जा रही है, जहाँ हर वर्ष लगभग 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी दी जा रही है। इसके साथ ही “मुख्यमंत्री खेल विकास निधि”, “खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना”, “उदीयमान खिलाड़ी योजना” और “खेल किट योजना” के जरिये युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि से भी पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, दायित्वधारी विनोद उनियाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

Recent Comments