देहरादून में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के आधार कार्ड में वर्ण संशोधन हेतु विशेष शिविर


देहरादून, 11 अप्रैल 2025 : जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून ने सूचित किया है कि समाज कल्याण विभाग, देहरादून द्वारा ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 और नियम 2020 के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर ट्रांस-मैन, ट्रांस-वुमन और इंटरसेक्स भिन्नता वाले उन व्यक्तियों के लिए है, जिन्होंने भारत सरकार के पोर्टल पर स्वयं आवेदन करने के बाद जिला स्तरीय समिति की सिफारिश पर जिला मजिस्ट्रेट से पहचान प्रमाण पत्र प्राप्त किया है।
इस विशेष शिविर में, ऐसे पात्र ट्रांसजेंडर व्यक्ति अपने आधार कार्ड में वर्ण (लिंग) संशोधन करवा सकते हैं। यह शिविर 16 अप्रैल, 2025 और 17 अप्रैल, 2025 को प्रातः 11 बजे से अपराहन् 02 बजे तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, सर्वे चौक गर्ल्स आईटीआई परिसर देहरादून में आयोजित किया जाएगा। शिविर में जिला प्रशासन की ओर से ऑपरेटर मौके पर ही आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन करेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद देहरादून के जिला मजिस्ट्रेट द्वारा अब तक 26 ट्रांस-मैन और ट्रांस-वुमन को पहचान प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने इन सभी प्रमाण पत्र धारकों से अपील की है कि वे इस शिविर में भाग लेकर अपने आधार कार्ड में वर्ण परिवर्तन अवश्य करा लें, ताकि वे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
शिविर में आने वाले ट्रांस-मैन और ट्रांस-वुमन को अपना आधार कार्ड, जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी किया गया पहचान प्रमाण पत्र, अपना सक्रिय मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक दस्तावेज, जो भी उनके पास उपलब्ध हों, साथ लाना अनिवार्य है। इस शिविर का आयोजन ट्रांसजेंडर समुदाय को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments