देहरादून, दिनांक: 13-04-2025 : लांग वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने यातायात के सुचारू संचालन हेतु लागू रूट डायवर्जन प्लान के तहत विभिन्न चौराहों का निरीक्षण किया।
एसएसपी देहरादून ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वीकेंड्स पर राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने कटों को अस्थाई रूप से बंद करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने वीकेंड्स पर शहर में प्रवेश करने वाले बाहरी वाहनों को दिन के समय शहर के बाहरी मार्गों पर ही रोकने के भी निर्देश जारी किए।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व धार्मिक जुलूसों और शोभायात्राओं के कारण शहर में यातायात का दबाव बढ़ गया था। इसके अतिरिक्त, लांग वीकेंड के दौरान मसूरी और ऋषिकेश क्षेत्र में पिछले दो दिनों में लगभग 01 लाख पर्यटक वाहनों के आगमन से भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी।
हालांकि, नगर क्षेत्र में कोई धार्मिक जुलूस व शोभा यात्रा न होने और भारी वाहनों को शहर में प्रतिबंधित करने के कारण आज काफी संख्या में पर्यटक वाहनों के जनपद में आने के बावजूद भी नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम रहा।

लांग वीकेंड के दौरान जनपद देहरादून में मसूरी व आसपास के पर्यटक स्थलों, टिहरी क्षेत्र में शिवपुरी, मुनि की रेती क्षेत्र में राफ्टिंग तथा हरिद्वार/ऋषिकेश क्षेत्र में बैसाखी पर्व के कारण बाहरी राज्यों से भारी संख्या में पर्यटक आए हैं। इसके चलते देहरादून के नगर क्षेत्र तथा ऋषिकेश/रायवाला क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी बढ़ गया था, जिसका असर देहरादून के अन्य मार्गों पर भी देखने को मिला। दिनांक 12/04/2025 को नगर क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक जूलूसों तथा शोभा यात्राओं के कारण शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया था। साथ ही, लांग वीकेंड होने के कारण देहरादून में मसूरी, ऋषिकेश तथा उसके आसपास के पर्यटक स्थलों में भारी संख्या में पर्यटक वाहनों के आने से भी यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पिछले दो दिनों में ऋषिकेश क्षेत्र में लगभग 80 हजार पर्यटक वाहनों का आगमन हुआ, जिनमें से लगभग 20 हजार वाहन वापस गए। इसी अवधि में मसूरी में 15 हजार पर्यटक वाहन आए तथा 08 हजार वाहन वापस गए। इस दौरान दोनों स्थानों पर होटलों के भरे होने के कारण भी होटल की तलाश में पर्यटक वाहनों का आवागमन बना रहा।
लेकिन, आज दिनांक 13-04-2025 को कोई शोभायात्रा व धार्मिक जूलूस न होने तथा भारी वाहनों का जनपद के अंदर प्रवेश प्रतिबंधित करने के कारण काफी संख्या में पर्यटक वाहनों के जनपद में आने के बावजूद भी यातायात के दबाव में काफी राहत रही और विभिन्न स्थानों पर यातायात का दबाव भी कम रहा।

आज दिनांक 13-04-2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों पर जोगीवाला, रानीपोखरी व डोईवाला आदि स्थानों में बने कटों को वीकेंड के दौरान अस्थाई रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके परिणामस्वरूप, पुलिस द्वारा नगर क्षेत्र व ऋषिकेश की ओर आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित किया गया है, जिसका प्लान इस प्रकार है:
- रायपुर क्षेत्र से ऋषिकेश की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मालदेवता चेक पोस्ट तथा राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम के पास बने ग्राउंड में रोका जाएगा। थानों से ऋषिकेश की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को रानी पोखरी में रोका जाएगा, जिससे ऋषिकेश क्षेत्र में वाहनों के दबाव को कम किया जा सके।
- आशारोड़ी तथा शिमला बाईपास की ओर से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को नया गांव तथा ट्रांसपोर्ट नगर पर रोका जाएगा।
- डोईवाला की ओर से शहर की ओर आने वाले बाहरी वाहनों को लालतप्पड़, भनियावाला सर्विस लेन, हर्रा वाला/कुआं वाला पर रोका जाएगा।
- सहसपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को धर्मा वाला/सभावाला पर रोका जाएगा।
उक्त डायवर्ट प्लान दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगा और यातायात का दबाव बढ़ने पर इस समय अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है।

Recent Comments