

देहरादून से सोमनाथ तक निकलेगी विशेष आस्था यात्रा, श्रद्धालुओं के लिए भोजन-आवास की निशुल्क व्यवस्था
देहरादून। उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की ओर से देहरादून से गुजरात के पवित्र सोमनाथ धाम तक एक विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री मधु भट्ट ने बताया कि यह यात्रा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन तथा संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
मधु भट्ट ने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, स्वच्छ पेयजल और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों और प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 13 जुलाई को यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रद्धालुओं का जत्था सोमनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगा। परिषद का मानना है कि यह पहल धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती देगी।

यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। 15 से 16 जुलाई तक आयोजित होने वाले हरेला-हरियाली महोत्सव के अंतर्गत भगवान सोमनाथ मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ हरित पर्यावरण का संदेश देना है।
मधु भट्ट ने कहा कि परिषद पिछले वर्षों से धार्मिक स्थलों पर वृक्षारोपण अभियान चलाती रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और उत्तराखंड की हरित विरासत को सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Recent Comments