

देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कुमाऊँ यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को जनपद नैनीताल के मुखानी रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। इस दौरान व्यावसायिक मात्रा में नशीले इंजेक्शन और नशे में प्रयुक्त होने वाली प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं, जिसके बाद औषधि प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया।
संयुक्त टीम ने जय श्री श्याम मेडिकल स्टोर की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और अन्य प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गईं। अधिकारियों के मुताबिक, यह दवाइयां नशे के अवैध कारोबार में इस्तेमाल होती थीं। कार्रवाई के बाद मेडिकल स्टोर को अग्रिम जांच तक के लिए औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सील कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद मेडिकल स्टोर संचालक कपिल सिंह (पुत्र रमेश सिंह), निवासी जवाहरनगर, नगला, पंतनगर और मेडिकल स्टोर स्वामी के पति राहुल वार्ष्णेय (पुत्र उपकार वार्ष्णेय), निवासी सावित्री कॉलोनी, हल्द्वानी को हिरासत में लिया गया। दोनों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
एसटीएफ उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों के दुरुपयोग और अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में प्रतिबंधित दवाइयों के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन जांच जारी है। अग्रिम कार्रवाई भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम में एसटीएफ (ANTF) टीम के निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और हेड कांस्टेबल इसरार अहमद और औषधि प्रशासन विभाग की टीम से निरीक्षक शुभम कोटनाला और निरीक्षक अर्चना उप्पल शामिल थे ।

Recent Comments