देहरादून। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी-नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने एक हफ्ते में दूसरी बड़ी सफलता हासिल की। किच्छा के आजाद नगर चौकी क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर नशा तस्कर सहनवाज उर्फ मामू से रिकॉर्डतोड़ 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है। अभियुक्त के पास से एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत भुल्लर के निर्देश पर CO परवेज अली के नेतृत्व में निरीक्षक पावन स्वरुप की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पूछताछ में सहनवाज (36 वर्ष, पुत्र इस्तेखार, निवासी बहेड़ी, बरेली) ने कबूला कि उसने बरेली के ‘भईया’ से हेरोइन खरीदी थी और कुमाऊं में हरजिंदर को बेचने जा रहा था। कुमाऊं का बड़ा सप्लायर मामू उच्च शुद्धता वाली हेरोइन के लिए कुख्यात था। STF दो साल से उसके पीछे थी।
अभियुक्त ने बताया कि भईया की ओर से डिलीवरी के लिए एक लड़का आता था, जिसकी फोटो पर पहचान हुई। STF अब भईया व उसके एजेंट की तलाश तेज कर रही है। इस बरामदगी से कुमाऊं में हेरोइन सप्लाई पर लगाम लगेगी।
संयुक्त टीम
- STF एंटी-नार्कोटिक्स: निरीक्षक पावन स्वरुप, SI विनोद चंद्र जोशी, आरक्षक वीरेंद्र चौहान, इसरार अहमद।
- किच्छा पुलिस: निरीक्षक प्रकाश दानू, SI पवन जोशी, आरक्षक उमेश सिंह, उमेद गिरी।
यह सफलता नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान को और अधिक मजबूती देगी।

Recent Comments