दून पुलिस ने दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार, 50 लाख की कार बरामद
देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में तड़के सुबह हुई मर्सिडीज़ चोरी की घटना को दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया। वादी मानव जोहर, निवासी नेमि रोड, नियर कारमन स्कूल, डालनवाला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर कोतवाली डालनवाला में मुकदमा संख्या 126/25 धारा 303 (2) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
शिकायत में बताया गया कि उनकी मर्सिडीज़ कार (संख्या DL 7C S 2101), जो घर के बाहर खड़ी थी, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली डालनवाला में तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की। मैन्युअल पुलिसिंग के माध्यम से जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने लाडपुर के जंगलों से दो अभियुक्तों को चोरी की गई मर्सिडीज़ कार सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोनू पुत्र बलवीर प्रसाद और अमन पुत्र आनंद, दोनों निवासी कैनाल रोड, थाना राजपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे के इंतजाम के लिए ही उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। दोनों अभियुक्त रात में नेमि रोड स्थित एक मकान में घुसे, जहां गार्ड को सोता देख उसके पास रखी मर्सिडीज़ की चाबी उठाकर कार चुरा ली। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कार की नंबर प्लेटों को अखबार से ढक दिया था और जनपद से बाहर ले जाकर उसे बेचने की फिराक में थे।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतवीर भंडारी (चौकी प्रभारी आराघर), कांस्टेबल विजय और कांस्टेबल आदित्य राठी शामिल रहे, जिनकी तत्परता और सूझबूझ से यह सफलता हासिल हुई।
दून पुलिस की तेज कार्रवाई ने न केवल अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि जनता में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत किया।

Recent Comments