चंपावत को आदर्श जिला बनाने की दिशा में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण – मुख्यमंत्री धामी 

चंपावत जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण

चम्पावत। चंपावत जिला चिकित्सालय में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि यह सुविधा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि कर्मभूमि है। उन्होंने बताया कि जिले में पहली बार यह सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे पहले कुमाऊं मंडल में यह सुविधा केवल रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में थी।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाएं पहले ही स्थापित की जा चुकी हैं। साथ ही 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चंपावत में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से रोडवेज स्टेशन पर आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू होने वाला है। इसके अलावा 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइनें और 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। 

साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं भी जिले को नई दिशा देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आदर्श मॉडल बनाने का संकल्प लिया गया है। 

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से गंभीर एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे। इससे अन्य जिलों पर निर्भरता कम होगी और समय पर उपचार संभव होगा। 

इस अवसर पर सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, वर्चुअल माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद चम्पावत प्रेमा पाण्डेय, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद लोहाघाट गोविन्द वर्मा, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना, हेमा जोशी, किरन देवी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। 

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments