

देहरादून। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जी को जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना पर आज लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी की एक आपात बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान जी को इस प्रकार की धमकी मिलना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक विषय है। चिराग पासवान देश के लोकप्रिय जननेता होने के साथ-साथ हम सभी कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत एवं सशक्त नेतृत्व का प्रतीक हैं। उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की धमकी न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है, बल्कि करोड़ों समर्थकों की भावनाओं को भी आहत करती है।
प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया कि इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चिराग पासवान की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति अपना पूर्ण समर्थन एवं विश्वास व्यक्त किया।
बैठक में प्रदेश प्रधान महासचिव राजीव भार्गव, प्रदेश सचिव (संगठन) अंकुर कर्णवाल, प्रदेश सचिव चंद्रपाल सिंह, संजय कुमार, गौतम कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Recent Comments