प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए सौंपा गया नया दायित्व
देहरादून। राज्य सरकार ने मंत्री सुबोध उनियाल को एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। अब वे चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। यह जानकारी आज सरकार की ओर से जारी की गई।
मंत्री उनियाल को यह अतिरिक्त दायित्व उनके प्रशासनिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण एवं प्रभावी कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया है। सरकार को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
प्रदेश सरकार का यह निर्णय चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गौरतलब है कि मंत्री सुबोध उनियाल पहले से ही राज्य सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाल रहे हैं। चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिलने से अब उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर अब उनसे विशेष उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग को लेकर प्रदेश में लंबे समय से विभिन्न मांगें उठती रही हैं। ऐसे में अनुभवी मंत्री को यह विभाग सौंपे जाने को सरकार की गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है। मंत्री उनियाल के कार्यभार संभालते ही स्वास्थ्य सेवाओं में नई पहल और सुधार की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

Recent Comments