दो करोड़ की धनराशि से होगा सुमन पार्क का सौंदर्यीकरण

नई टिहरी(आरएनएस)।   नई टिहरी के सुमन पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार ने दो करोड़ तीन लाख की स्वीकृति दे दी है। आने वाले समय में पार्क नए स्वरूप में नजर आएगा। पार्क के सौंदर्यीकरण होने से यहां पर पर्यटन गतिविधियां में बढ़ोतरी होगी साथ ही स्थानीय बच्चों का मनोरंजन भी पार्क में हो सकेगा। जल्द ही इसके लिए टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। नई टिहरी में पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने के लिए शासन-प्रशासन लगातार कवायद में जुटा है। एक ओर जहां टीएचडीसी के सहयोग से करीब डेढ़ करोड़ की धनराशि से नगर के प्रवेश द्वार डायजर में सौंदर्यीकरण, शिवमूर्ति का सजावट, फव्वारा, गेट, शहीद स्मारक का सुदृढ़ीकरण, हनुमान चौक में पर्यटन गतिविधियों के कार्य किए जा रहे हैं। वहीं अब शासन ने सुमन पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए भी स्वीकृति दे दी है। जिससे शहर में पर्यटकों की आमद बढ़ेगी। सुमन पार्क के सौंदर्यीकरण के तहत पुनर्विकास, फाउंटेन, पाथवे, बाउंड्रीवाल, म्यूरल्स, लैंडस्केपिंग,प्लंबिंग सहित इलेक्ट्रिकल्स के कार्य किए जाएंगे। कार्यदायी संस्था की ओर से 2 करोड़ 3 लाख 91 हजार की डीपीआर को प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। प्रथम किश्त के रूप में 40 प्रतिशत यानी धनराशि 81 लाख 56 हजार रुपये सरकार ने निर्गत कर दिए हैं। जल्द ही इन कार्यों के लिए मृदा परीक्षण एवं भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कार्य किए जाएंगे। यही नहीं परियोजना का संचालन और रखरखाव 5 वर्ष तक कार्यदायी संस्था ही करेगी। विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि धनराशि स्वीकृति करने में सीएम पुष्कर सिंह धामी और शहरी आवास एवं विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का इसमें बड़ा योगदान है। जो 10 महत्वपूर्ण कार्य सीएम को दिए हैं, उनकी स्वीकृति मिलनी शुरू हो गई है। जल्द ही यहां मेडिकल कॉलेज भी बनाया जाएगा। डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि टीएचडीसी के माध्यम से शिव चौक सौंदर्यीकरण, डायजर में गेट, शहर में सुमन पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य होने से यहां के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे व्यापारियों को अधिक लाभ होने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments