देहरादून,28मार्च 2025(आरएनएस ) कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड द्वारा राज्य के 13 जनपदों के विकासखंडों में युवाओं का कौशल सर्वेक्षण कराया गया। इस सर्वेक्षण में लगभग 28,236 परिवारों और 47,314 युवाओं को शामिल किया गया। सर्वेक्षण के दौरान युवाओं से कौशल विकास से जुड़े क्षेत्रों और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई।
विभाग के सचिव रविशंकर ने बताया कि इस सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियों के निर्माण में सहायक होंगे। रिपोर्ट को विभाग के मुख्य सचिव को भी प्रस्तुत किया गया है।
इसके अलावा, विभाग ने राज्य के 19 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में टाटा मोटर्स और पंतनगर के सहयोग से ड्यूल स्किल ट्रेनिंग (डीएसटी) योजना शुरू की है। इस योजना के तहत, आईटीआई में आधी प्रशिक्षण अवधि पूरी करने के बाद, बाकी की ट्रेनिंग टाटा मोटर्स में दी जाएगी। कंपनी के प्रतिनिधि श्री दीपक महाला ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान टाटा मोटर्स प्रशिक्षुओं को 8,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड भी देगी।
विभागीय कार्यक्रम में डॉ. जीश्री बडोनी (संयुक्त निदेशक), श्रीमती रश्मि हलधर (उपनिदेशक), गोपाल गुप्ता (अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी) तथा कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के पंकज कुमार (संयुक्त निदेशक) और श्रीमती चंद्रकला (उपनिदेशक) उपस्थित रहे।

Recent Comments