अजीत पवार के आकस्मिक निधन पर सूर्यकांत धस्माना ने जताया शोक

“छोटी-मोटी बात होती रहती है…” — अजित पवार जी के साथ एक पुरानी याद ताज़ा करते हैं सूर्यकांत धस्माना


देहरादून। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बारामती में हुए विमान हादसे में निधन के दुखद समाचार ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस दुख की घड़ी में उत्तराखंड कांग्रेस के नेता व एनसीपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने उनके साथ बिताए एक पुराने और हृदयस्पर्शी पल को साझा करते हुए शोक व्यक्त किया है।

धस्माना ने बताया कि वर्ष 2006 में जब एनसीपी का राष्ट्रीय अधिवेशन देहरादून में हुआ था, तब वे इसके संयोजक थे और अजित पवार भी इसमें शामिल होने आए थे। होटल मधुबन में कमरे के आवंटन में हुई एक अनजान गड़बड़ी के चलते पवार करीब एक घंटे तक रिसेप्शन पर बैठे रहे। जब यह बात संयोजक धस्माना को पता चली तो वह तुरंत उनके पास पहुंचे और “सौरी दादा” कहकर व्यवस्था के लिए माफी मांगी।

इस पर अजित पवार ने बिल्कुल सहज भाव से मुस्कुराते हुए कहा था, “इतने बड़े आयोजन में ये छोटी-मोटी बात होती रहती है। आप तनाव मत लीजिए। बस मुझे कल होने वाले खुले अधिवेशन वाले ग्राउंड में ले चलना, क्योंकि नेशनल एक्जीक्यूटिव के बाद साहब (शरद पवार जी) ने कुछ कहा है।”

धस्माना ने कहा कि उनकी इस सहजता और स्नेह भरी बात ने उस समय उनका सारा तनाव खत्म कर दिया था। आज अचानक उनके निधन का समाचार सुनकर वही संवाद एक बार फिर यादों में ताजा हो गया।

अपनी श्रद्धांजलि में धस्माना ने कहा, “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को इस भारी दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। वह एक ऊंचे कद के नेता और सहज इंसान थे।”

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments