कोटद्वार में कार्यकर्ता सम्मेलन, रामरावण युद्ध वाली चौपाई से गूंजा सभागार
कोटद्वार । जिले के कार्यकर्ता सम्मेलन में खचाखच भरे सभागार की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की तुलना जामवंत से कर दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह जामवंत ने हनुमान को उनकी भूली हुई शक्ति का अहसास कराया, उसी तरह शैलजा जी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनका दम याद दिलाने आई हैं।
सभागार उस वक्त जोरदार तालियों से गूंज उठा जब धस्माना ने रामरावण युद्ध वाली चर्चित चौपाई सुनाई –
“कै रीछपति सुन हनुमाना, का चुप साधि रहेउ बलवाना। पवन तनय बल पवन समाना, बुद्धि विवेक विज्ञान निधाना। कवन सो काज कठिन जग माहीं, जो नहिं होइ तात तुम पाहीं। राम काज लगी तब अवतारा, सुनतहि भएउ पर्वताकारा।”
धस्माना ने कहा कि हनुमान रूपी कांग्रेस कार्यकर्ता अब ‘राम काज’ यानी गरीब, किसान, दरिद्र नारायण और वंचितों के हित के लिए अपना संघर्ष और ताकत झोंक देंगे।

वहीं, सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि सभी को एकजुट होकर जनविरोधी, युवाविरोधी, महिलाविरोधी और विकासविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत व पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।


Recent Comments