उत्तराखंड में स्वच्छ उत्सव-2025 का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने दिया स्वच्छता का संदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को स्वच्छ उत्सव-2025 कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान को बढ़ावा दिया और लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा और स्वच्छता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण, पौधारोपण और स्वच्छता रथ का फ्लैग ऑफ भी किया गया।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता आंदोलन ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा, “‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ का सपना साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून को देश में 19वां स्थान मिला है और स्वच्छता रैंकिंग में 62वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो पिछले सालों से बेहतर है। राज्य में अब तक छह लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारे संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा है। उन्होंने सभी नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले, गाँव और शहर को साफ-सुथरा रखने को अपनी जिम्मेदारी समझें। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का उल्लेख किया और कहा कि पौधारोपण जीवन की गुणवत्ता सुधारने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का साधन है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments