टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी आयुष अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे *ड्रग फ्री देवभूमि अभियान* के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। चम्बा और थत्यूड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक ड्रग तस्कर को 1 किलो 300 ग्राम अवैध चरस सहित गिरफ्तार किया है।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि बुधवार शाम को चम्बा कद्दूखाल–मसूरी मोटर मार्ग पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली। तलाशी में आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान परमजीत सिंह उर्फ दिगम्बर पुत्र ध्यान सिंह निवासी ग्राम मराड़, थाना थत्यूड़, टिहरी गढ़वाल (उम्र 33 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना चम्बा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां प्राप्त हुई हैं। उसके बताए अनुसार स्थानीय स्तर पर सक्रिय ड्रग पैडलरों और डीलरों के नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरे जनपद में जारी रहेगा।
गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना चम्बा के उपनिरीक्षक सुनील कुमार, चौकी धनोल्टी थाना थत्यूड़ के उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, इसके अलावा हेड कांस्टेबल सुनील राणा, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार तथा कांस्टेबल सुबोध नेगी शामिल थे।

Recent Comments