फायरिंग की घटना में शामिल सभी 10 अभियुक्त पुलिस गिरफ्त में, सभी का हत्या की धाराओं में लिया गया रिमांड
देहरादून । राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव में 30 मार्च 2026 की सुबह हुई फायरिंग की घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित हत्याकांड में शामिल सभी 10 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने सभी आरोपियों का हत्या की धाराओं में ही न्यायालय से रिमांड भी ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की प्रातः जोहड़ी गांव में हुई फायरिंग के दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे श्री मुकेश कुमार जोशी गोली लगने से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0- 60/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना वर्तमान में धारा 103(1)/3/5/125 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 9 अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोहित कुमार पुत्र राकेश कुमार, मौ. अखलाक उर्फ साबिर पुत्र मौ. सगीर, संदीप कुमार पुत्र जगदीश सिंह, आदित्य चौधरी पुत्र अंकुर चौधरी, आदेश गिरी, समीर चौधरी, मोहित अरोड़ा, शान्तनु त्यागी और काविश हुसैन त्यागी शामिल हैं।
इस हत्याकांड में शामिल एक अन्य आरोपी वैभव कुमार घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार सुरागरसी और पतारसी की जा रही थी तथा उससे संबंधित सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी क्रम में 5 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी वैभव कुमार को राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वैभव कुमार पुत्र दीपक कुमार, निवासी ग्राम देवधर, थाना खिजराबाद, यमुनानगर, हरियाणा है।
पुलिस के अनुसार, अब इस प्रकरण में शामिल सभी 10 अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं और सभी का हत्या की धाराओं में रिमांड लिया जा चुका है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Recent Comments