राजधानी में खौफ: परेड ग्राउंड के पास दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

तिब्बती मार्केट में गोलियों की गूंज, दो हफ्तों में चौथी हत्या से उठे सवाल

देहरादून।राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार परेड ग्राउंड और तिब्बती मार्केट क्षेत्र बुधवार सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो जीएमएस रोड स्थित एक गैस एजेंसी का संचालन करते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। वापसी के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों ने उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी और फरार हो गए।

घटना स्थल से पुलिस मुख्यालय की दूरी लगभग 500 मीटर और प्रेस क्लब कुछ ही कदम पर होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर बेहद तेजी से आए और वारदात को अंजाम देकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र से निकल गए।

सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बीते दो सप्ताह के भीतर यह चौथी हत्या की घटना है। इससे पहले विकासनगर में एक छात्रा की हत्या, ऋषिकेश में एक महिला की गोली मारकर हत्या तथा देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में एक युवती की चापड़ से हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों ने कानून-व्यवस्था को लेकर आमजन में चिंता बढ़ा दी है।

इसके अतिरिक्त काशीपुर में एक किसान की आत्महत्या और लक्सर में पुलिस अभिरक्षा में एक आरोपी की संदिग्ध मौत की घटनाओं ने भी प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है।

राजधानी के हृदयस्थल में हुई इस ताजा वारदात ने साफ संकेत दिया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस चुनौती का जवाब कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से देती है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments