प्रभावितों के बीच पहुँचकर जताई संवेदनशीलता
देहरादून/चमोली।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चमोली जनपद के थराली व आसपास के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपने काफिले को रोककर सीधे पीड़ित जनता के बीच पहुँचने का साहसिक कदम उठाया और प्रोटोकॉल तोड़कर आपदा प्रभावितों की समस्याएँ सुनीं।
मुख्यमंत्री ने आपदा पीड़ितों को हर संभव सहायता और पुनर्वास का भरोसा दिलाते हुए कहा कि “संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है, राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”

प्रभावितों से सीधा संवाद, आश्वासन और मदद
थराली क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि ऊपर के गांवों का संपर्क मार्ग शीघ्र खोला जाए। इस पर धामी ने उन्हें आश्वस्त किया कि मार्ग खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है और जैसे ही रास्ता सुरक्षित होगा, वे स्वयं वहाँ जाकर हालात का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कुलसारी में बने राहत शिविर का निरीक्षण भी किया और वहाँ रह रहे प्रभावितों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित को भोजन, दवा और आश्रय की कमी न हो।

तत्काल सहायता राशि और पुनर्वास के निर्देश
सीएम धामी ने आपदा में मृतकों के परिजनों एवं पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों के प्रभावित परिवारों को ₹5-5 लाख की तत्कालिक सहायता राशि के चेक प्रदान किए। साथ ही बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास के लिए ठोस व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने आपदा से प्रभावित लोगों के दुःख-दर्द को साझा करते हुए कहा कि सरकार हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और राहत-बचाव कार्य 24×7 मोड पर संचालित किए जा रहे हैं।

प्रशासन को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राहत और रेस्टोरेशन कार्यों में तेजी लाएँ और प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आपदा से ध्वस्त मार्गों, पेयजल लाइनों, बिजली आपूर्ति और संचार सेवाओं की बहाली का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित शिविरों में ठहराया गया है। कुलसारी राजकीय पॉलिटेक्निक शिविर में 12, प्राथमिक विद्यालय चेपड़ो में 36 और थराली अपर बाजार के प्राथमिक विद्यालय में 20 लोगों को रखा गया है। सभी को भोजन, चिकित्सा व अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।


धराली से थराली तक – CM की संवेदनशीलता
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री धामी इससे पहले धराली आपदा के समय भी लगातार तीन दिन तक प्रभावित क्षेत्रों में डटे रहे थे और हर राहत व बचाव कार्य की स्वयं मॉनिटरिंग की थी। अब थराली में भी उन्होंने जनता के बीच पहुँचकर वही संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है।
मौके पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि व अधिकारी
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता, एसडीएम सोहन सिंह रांगड़, एसडीएम पंकज भट्ट, सीओ अमित कुमार सैनी सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




Recent Comments