रुद्रपुर,18फरवरी2025(एजेंसिया)उत्तराखंड के रुद्रपुर से विधायक शिव अरोरा को केंद्रीय मंत्री बनाने के नाम पर 3 करोड़ रुपये की मांग करने वाला आरोपी पुलिस के हाथों पकड़ लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस आरोपी की पहचान उवेश पुत्र सगीर अहमद के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गाजियाबाद (खोड़ा बीरबल, यूपी) का निवासी है, और उसका मूल निवास एटा जनपद (थाना निधौली कला, यूपी) है।
चौकी प्रभारी रम्पुरा गणेश दत्त भट्ट इस मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को ब्लॉक रोड पर गिरफ्तार किया गया। एसपी ऊधमसिंह नगर, आईपीएस अधिकारी निहारिका तोमर ने बताया कि पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और उसके मोबाइल फोन को भी कब्जे में लिया गया है।
आरोपी ने अमित शाह के बेटे का नाम लेकर की थी मांग
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने विधायक को फोन करके केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह का नाम लिया और मंत्री पद दिलाने के बदले 3 करोड़ रुपये की मांग की। इस फोन कॉल के बाद विधायक के सहयोगी अभिषेक मिश्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
हरिद्वार और नैनीताल के विधायकों को भी की गई थी संपर्क
जांच में यह पता चला है कि रुद्रपुर विधायक के अलावा हरिद्वार और नैनीताल के विधायकों को भी इसी प्रकार मंत्री पद दिलाने के लिए पैसे मांगने के लिए फोन कर संपर्क किया गया था। नैनीताल पुलिस ने भी इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है और जांच आरंभ कर दी है।
सोमवार को नैनीताल पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर ने आरोपी से पूछताछ के लिए रुद्रपुर कोतवाली जाकर जानकारी ली। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी के पीछे कोई गिरोह है या यह कार्य उसने अकेले ही किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

Recent Comments