देहरादून, 18अप्रैल 2025 : ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन को देखते हुए मसूरी में पर्यटकों को सुगम, सुरक्षित और हाईटेक सुविधाएं देने के लिए जिला प्रशासन कमर कस चुका है। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। डीएम ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे व्यक्तिगत अहं को त्याग कर निर्देशों के क्रियान्वयन व समन्वय में पूरी सक्रियता से कार्य करें।
जिलाधिकारी सविन बंसल पूर्व में नैनीताल डीएम रहते हुए रूसी बाईपास पर हजारों गाड़ियों के लिए सैटेलाइट पार्किंग और शटल सेवा का सफल मॉडल लागू कर चुके हैं। अब मसूरी में भी उसी तर्ज पर हाईटेक व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। डीएम ने स्पष्ट किया है कि खानापूर्ति और लचर व्यवस्था का कोई स्थान नहीं होगा। प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करने पर दण्डात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

धारा-163 लागू, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी में बढ़ने वाले ट्रैफिक और भीड़भाड़ को देखते हुए 19 अप्रैल से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत मजिस्ट्रियल आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सजग है। डीएम ने अपेक्षा की है कि किसी भी स्थिति में प्रशासन को विधिक बल का प्रयोग न करना पड़े।
सैटेलाइट पार्किंग, शटल सेवा और गोल्फ कार्ट की सुविधा
मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए हाथी पांव, किंग क्रैग और कुठालगेट जैसे प्रमुख स्थानों पर सैटेलाइट पार्किंग विकसित की गई है। इन पार्किंग स्थलों से मॉल रोड तक हाईटेक शटल सेवा और गोल्फ कार्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। मॉल रोड एंट्री गेट पर डिजिटल रिसिप्ट्स की सुविधा भी शुरू की गई है।

सभी विभागों को सौंपे गए ज़िम्मेदारी भरे आदेश
अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह द्वारा जारी आदेशों में लोक निर्माण विभाग, परिवहन, पर्यटन, नगर पालिका, पुलिस और जल संस्थानों सहित सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। यातायात पुलिस को वाहनों की इंटरसेप्शन, डायवर्जन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर पालिका मसूरी को पार्किंग स्थलों पर लाइट, सुरक्षा, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पर्यटकों को मिलेगी बेहतर सुविधा और सुरक्षा
डीएम बंसल ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन की भांति पर्यटन सुविधाओं और सेवाओं को पुनः तत्काल बहाल किया जाए। शटल सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग, टिकट काउंटर, बूथ व्यवस्था और पर्याप्त शटल वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं।

गज्जी बैंड पार्किंग फुल होने पर वाहन कुठालगेट से डायवर्ट कर ओल्ड राजपुर रोड पर भेजे जाएंगे। इसके लिए नगर आयुक्त, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को समन्वय में कार्य करने को कहा गया है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि पर्यटक मसूरी में आएं तो उन्हें भीड़, जाम और अव्यवस्था से नहीं, बल्कि हाईटेक सुविधा, सुरक्षा और स्वागत का अनुभव मिले।
गर्मी के मौसम में मसूरी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए देहरादून प्रशासन ने पहले से ही सख्त और संगठित कदम उठाए हैं ताकि यात्रियों की सुविधाओं के साथ-साथ स्थानीय जीवन भी प्रभावित न हो। यह निर्णय पर्यटन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


Recent Comments