नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने देशभर के प्रिंट मीडिया संस्थानों के लिए विज्ञापन दरों में 26 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। मंत्रालय के अनुसार, यह संशोधित दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
सरकारी बयान में कहा गया है कि बढ़ी हुई दरें मुख्य रूप से काले-सफेद (ब्लैक एंड व्हाइट) विज्ञापनों की मूल दर पर लागू होंगी। जिन अखबारों की प्रसार संख्या एक लाख तक है, उनके लिए नई दर 59.68 रुपये प्रति वर्ग सेंटीमीटर तय की गई है, जो पहले 47.40 रुपये थी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि यह निर्णय रेट स्ट्रक्चर कमिटी की सिफारिशों के अनुरूप लिया गया है ताकि क्षेत्रीय और छोटे-मध्यम स्तर के समाचार पत्रों को आर्थिक सहारा मिल सके।
मंत्रालय ने यह भी जोड़ा कि रंगीन विज्ञापनों और प्रमुख स्थानों पर प्रकाशित सामग्री के लिए अतिरिक्त प्रीमियम दरें तय की जाएंगी। इससे प्रकाशनों की आमदनी में सुधार की संभावना जताई गई है।
सरकार के मुताबिक, डिजिटल मीडिया के बढ़ते विस्तार और मुद्रण लागत में वृद्धि के मद्देनजर यह कदम पारंपरिक प्रिंट मीडिया को स्थायित्व देने तथा गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार, 2019 के बाद पहली बार सरकार द्वारा प्रिंट विज्ञापन दरों में इतनी बड़ी वृद्धि की गई है, जिससे मीडिया उद्योग को राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।

Recent Comments